हिसार में पीएम मोदी की हुई रैली, बोले-भारत में अगर कोई सबसे बड़ा सांप्रदायिक दल कांग्रेस, हरियाणा भुगत रहा सजा
हरियाणा के विधानसभा चुनाव में अब हफ्तेभर का ही समय बाकी रह गया है। ऐसे में हर पार्टी ने अपना पूरा जोर लगा दिया है। पीएम भी आज हिसार में रैली करने पहुंचे। इस चुनाव में ये उनकी तीसरी रैली थी। जहां मुख्य तौर पर उनके निशाने पर कांग्रेस ही रही। पीएम मोदी ने एक बार फिर हिमाचल का उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल में इन्होंने झूठ बोलकर सरकार बनाई अब देखिए हिमाचल में क्या हालत है।
पीएम मोदी ने नूंह के फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान की धमकी से जुड़े मामले का भी जिक्र किया और कहा कि भारतद में अगर सबसे बड़ा सांप्रदायिक कोई दल है तो वो कांग्रेस है। कांग्रेस की सांप्रदायिकता की ही सजा आज हरियाणा भुगत रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक की धमकी आपने सुनी होगी, कांग्रेस अगर जीती तो लोगों को घर छोड़ना पड़ेगा। सत्ता तो अभी मिली नहीं है, लेकिन ये जनता को भड़काने का काम कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के चंगुल में फंस गई है। बोले-इनके नेता विदेश में जाकर भारत विरोधियों से मिलते हैं। वहीं पाकिस्तान इनकी नीतियों को क्यों पसंद करता है?
अपने भाषण में पीएम मोदी ने जहां हिसार के बारे में बोलते हुए राखीगढ़ी का जिक्र किया तो वहीं बिश्नोई समाज के तप और त्याग को भी याद किया।
आपको बता दें कि एक ओर जहां पीएम मोदी ने चौधरी भजन लाल के योगदान को याद किया तो वहीं दूसरी ओर चौधरी बंसीलाल के काम को भी सराहा। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल जी का काम मैंने देखा है। वो हमेशा महर्षि दयानंद सरस्वती जी की बातें किया करते थे। वो ये कहते-कहते भावुक हो जाते थे। ये मेरा सौभाग्य है कि मुझे हरियाणा ने बहुत कुछ सिखाया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे वोटिंग की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे कांग्रेस पस्त पड़ती जा रही है।
कांग्रेस नेता अब कहने लगे हैं कि हरियाणा में भी वही हाल होगा जो मध्य प्रदेश में हुआ था।
और कांग्रेस का ये हाल इसलिए होता है क्योंकि कांग्रेस देश की सबसे धोखेबाज और बेईमान पार्टी है।
उन्होंने कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर बोलते हुए कहा कि किस तरह से कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर होड़ मची हुई है। बाप भी दावेदार हैं, बेटा भी दावेदार हैं और ये दोनों मिलकर बाकियों को मिटाने लगे हैं।
पीएम मोदी ने गोहाना-मिर्चपुर कांड का जिक्र करते हुए कहा कि दलित कांग्रेस को कभी वोट नहीं देता। कांग्रेस राज में ही गोहाना कांड हुआ, मिर्चपुर कांड हुआ। दलित बेटियों के साथ अन्याय हुआष ये सब कांग्रेस राज में हुआ और कांग्रेस चुप रही।
किसानों पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हिसार के किसानों को जो समस्या आ रही है सरकार बनते ही उसका समाधान किया जाएगा। किसानों के लिए कांग्रेस बड़ी-बड़ी बातें करती है लेकिन आपको भूलना नहीं है, इन्होंने ही दो रूपये मुआवजा दिया था। उन्होंने कहा फर्क देखिए कि बीजेपी सरकार जो बिना मांगे दस करोड़ से ज्यादा किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के हर वर्ष छह हजार रुपये उनके बैंक खाते में जमा करती है और वो लोग दो रुपय का मुआवजा देकर किसानों का अपमान करते हैं।